- 1895 में पहली बार दर्ज हुआ था फूल
- कवक से लेता है पोषक तत्व
- दुर्लभ प्रजाति मिलने से बढ़ी उम्मीद
रिजल (फिलीपींस)। फिलीपींस के मसुंगी जियोरिजर्व में दुर्लभ फूल एक्सकम लोहेरी (Exacum loheri) करीब 130 साल बाद फिर खिलता मिला है। संरक्षण क्षेत्र के डिस्कवरी ट्रेल के पास इस प्रजाति के कई पौधे देखे गए हैं। इसे फिलीपींस के कुछ सीमित इलाकों में पाया जाता है।
वनस्पतिशास्त्री ऑगस्ट लोहेर ने 1895 में रिजल प्रांत में इस पौधे की खोज की थी। इसके बाद यह लंबे समय तक दिखाई नहीं दिया और केवल पुराने ऐतिहासिक वनस्पति संग्रहों में ही दर्ज रहा। पिछले वर्ष मसुंगी के चूना-पत्थर वाले जंगलों में सर्वेक्षण के दौरान इसका दोबारा प्रमाणित रिकॉर्ड मिला था।
एक्सकम लोहेरी में क्लोरोफिल नहीं होता, इसलिए यह सामान्य पौधों की तरह प्रकाश संश्लेषण से भोजन नहीं बनाता। यह मिट्टी में मौजूद कवकों के जरिए पोषक तत्व प्राप्त करता है। नीले-बैंगनी रंग के छोटे फूलों वाली इस प्रजाति के दोबारा मिलने से विशेषज्ञों को उम्मीद है कि इसके संरक्षण और प्राकृतिक प्रसार की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।


