बेंगलुरु। बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) हेब्बाल से केंपापुर के बीच करीब एक किलोमीटर लंबे हिस्से में चार-ट्रैक वाले मेट्रो फ्लाईओवर की योजना बना रहा है। इस हिस्से में मेट्रो की ब्लू लाइन और प्रस्तावित ऑरेंज लाइन साथ-साथ चलेंगी।
बीएमआरसीएल की योजना मौजूदा ब्लू लाइन के निर्माण के दौरान ही चार ट्रैक के लिए जरूरी पिलर, पियर और वायाडक्ट जैसी आधारभूत संरचना तैयार करने की है। इससे भविष्य में ऑरेंज लाइन के लिए दोबारा निर्माण की आवश्यकता कम होगी।
ब्लू लाइन का हेब्बाल-केंपापुर खंड पहले से निर्माणाधीन है, जबकि ऑरेंज लाइन के डबल-डेकर हिस्से को अभी केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजार है। प्रस्तावित चार-ट्रैक ढांचा दोनों परियोजनाओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। हालांकि, इस संयुक्त योजना के कारण ब्लू लाइन के करीब 58 किलोमीटर लंबे पूरे कॉरिडोर के निर्माण में लगभग दो वर्ष की अतिरिक्त देरी होने की संभावना है।