- AI से बनाए जा रहे फर्जी वीडियो
- निवेश की सलाह पर न करें भरोसा
- अनजान लिंक से रहें पूरी तरह सावधान
कांग्रेस महासचिव और वायनाड से लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया पर उनके नाम और आवाज का इस्तेमाल कर बनाए जा रहे फर्जी AI वीडियो को लेकर लोगों को आगाह किया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके चेहरे और आवाज वाले कुछ वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनका उनसे कोई संबंध नहीं है।
प्रियंका गांधी ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बताया कि WhatsApp, Instagram और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर AI से तैयार किए गए वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। इनमें उनकी आवाज, नाम और उनसे मिलती-जुलती तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में लोगों को कुछ निवेश योजनाओं में पैसा लगाने की सलाह दी जा रही है।
प्रियंका गांधी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इस तरह की कोई निवेश सलाह नहीं दी है। उन्होंने लोगों से ऐसे वीडियो में कही गई किसी भी बात पर भरोसा नहीं करने और अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके नाम, तस्वीर और आवाज का इस्तेमाल लोगों को गुमराह कर ठगी करने के इरादे से किया जा रहा है।
AI तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच किसी नेता, अभिनेता या अन्य चर्चित व्यक्ति की तस्वीर और आवाज वाले वीडियो को तुरंत सच मान लेना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए ऐसे वीडियो पर भरोसा करने से पहले उनकी सत्यता की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है।


