- आशा ताई का आखिरी गीत हुआ रिलीज
- ‘ओम का हरि’ में सुनाई देगा गीत
- 18 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
दिग्गज गायिका आशा भोसले की 93वीं जयंती पर उनका आखिरी रिकॉर्डेड गीत ‘ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपी है कहां’ रिलीज किया गया। मंगलवार को मुंबई में फिल्म ‘ओम का हरि’ के म्यूजिक लॉन्च के दौरान यह गीत जारी किया गया। फिल्म निर्माताओं के अनुसार, आशा भोसले ने वर्ष 2023 में करीब 90 वर्ष की उम्र में इस गीत की रिकॉर्डिंग की थी।
इस मौके पर रिकॉर्डिंग के दौरान शूट किया गया आशा भोसले का बीटीएस वीडियो भी दिखाया गया। वीडियो में उन्होंने गीत की धुन और बोल पसंद आने की बात कही थी। फिल्म के संगीत में दिवंगत गायक किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार, परेश पाहुजा और अभिनेता रघुबीर यादव की आवाज भी शामिल है।
‘ओम का हरि’ में रघुबीर यादव, सोनी राजदान, अंशुमन झा और आयशा कपूर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी हरि प्रसाद नामक बुजुर्ग व्यक्ति की वाराणसी यात्रा पर आधारित है। फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


