- केदारनाथ में बर्फबारी से बढ़ी ठंड
- एमपी में 21 सितंबर तक बारिश
- यूपी में आंधी, बिहार में बाढ़
उत्तराखंड के चमोली स्थित हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई। केदारनाथ और रुद्रनाथ में भी हल्की बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई। पहाड़ी इलाकों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ में गुरुवार सुबह तापमान -2°C दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश के भोपाल, सीहोर और देवास में गुरुवार को तेज बारिश हुई। राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अंतिम चरण में है और सितंबर के अंतिम सप्ताह में इसकी वापसी शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 सितंबर तक बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई। कानपुर में करीब आधे घंटे तक 30 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे कई पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। बरेली में 50 किमी/घंटे तक की तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी आई।
बिहार के 13 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। अब तक राज्य में बाढ़ से करीब 50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।


