- 33 एकड़ जमीन के दस्तावेज बदलने का आरोप
- पहली किस्त के 50 लाख लेते पकड़े गए
- लोकायुक्त ने रकम जब्त कर जांच शुरू की
धारवाड़। कर्नाटक के धारवाड़ में लोकायुक्त अधिकारियों ने तहसीलदार सच्चिदानंद कुचनूर को कथित तौर पर 50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि 33 एकड़ जमीन के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों में बदलाव के बदले उन्होंने दो किस्तों में एक करोड़ रुपये और एक एकड़ जमीन की मांग की थी।
लोकायुक्त के अनुसार, येरिकोप्पा गांव स्थित जमीन के दस्तावेजों में बदलाव के लिए रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। बुधवार रात करीब 10 बजे धारवाड़ के कर्नाटक कॉलेज के सामने शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपये लेते समय तहसीलदार को पकड़ लिया गया। टीम ने रकम जब्त कर मामला दर्ज किया है। जांच में जमीन के दस्तावेजों और कथित रिश्वत मांग में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।


