- वर्थुर रोड पर लंबा ट्रैफिक जाम
- स्कूली बच्चों को घंटों करना पड़ा इंतजार
- माता-पिता ने बेहतर व्यवस्था की मांग
बेंगलुरु के वर्थुर-गुंजूर रोड पर 17 सितंबर को भारी ट्रैफिक जाम के चलते स्कूली बच्चे दो घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। ज्लूरी के को-फाउंडर और CEO रितिश रेड्डी ने सोशल मीडिया पर जाम का वीडियो साझा करते हुए बताया कि उनकी बेटी भी इस जाम में फंस गई थी।
रेड्डी के मुताबिक, व्हाइटफील्ड से महज 5 किलोमीटर की दूरी तय करने में बच्चों को रोजाना दो घंटे से ज्यादा लग रहे हैं। एक अन्य अभिभावक ने बताया कि उनकी बेटी की स्कूल बस को केवल 2 किलोमीटर की दूरी तय करने में दो घंटे लगे। इस घटना के बाद कई अभिभावकों ने ट्रैफिक प्रबंधन और बुनियादी ढांचे में सुधार की मांग उठाई।
द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस सूत्रों ने जाम की वजह इलाके में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों को बताया। सोशल मीडिया पर लोगों ने खराब सड़क व्यवस्था, अतिक्रमण और संकरी सड़कों को लेकर भी चिंता जताई।


