- फ्रिज विस्फोट के बाद घर में भीषण आग
- हादसे में परिवार के चार लोगों की मौत
- दो घायल, विस्फोट के कारणों की जांच जारी
बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी में सोमवार देर रात फ्रिज में विस्फोट के बाद घर में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा चावट गली में मार्केट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान गजानन धामोने (65), रोशन धामोने (21), शारदा धामोने (45) और भारती धामोने (50) के रूप में हुई है। वहीं, प्रिया धामोने (28) और गंगा धामोने (25) गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में फ्रिज में विस्फोट के बाद आग लगने की बात सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विस्फोट के वास्तविक कारण और आग तेजी से फैलने की वजह का पता लगाया जा रहा है।


