- हीरे की तलाश में उमड़ी हजारों की भीड़
- टेंट लगाकर नदी किनारे शुरू की तलाश
- वन विभाग ने हटाकर बढ़ाई निगरानी
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना में बारिश के दौरान नदियों से निकलने वाली चाल में हीरा मिलने की उम्मीद में हजारों लोग रुंझ डैम के डूब क्षेत्र में पहुंच गए। करीब 4 से 5 हजार लोगों की भीड़ ने नदी किनारे डेरा डाल दिया और कई लोगों ने टेंट लगाकर हीरे की तलाश शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि बुंदेलखंड के टीकमगढ़, बांदा, छतरपुर, पन्ना समेत कई जिलों से लोग यहां पहुंचे थे। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर वहां से हटा दिया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में वन्यजीवों के साथ जहरीले जीवों की मौजूदगी भी रहती है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही से वन्यजीवों और लोगों, दोनों के लिए खतरा पैदा हो सकता है।
लोगों को हटाने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में आने वाले लोगों को वापस भेजा जा रहा है।


