- जिनपिंग आज पहुंचेंगे, मोदी से होगी मुलाकात
- पुतिन और पेजेश्कियान ने मोदी से की चर्चा
- ग्लोबल साउथ और बहुपक्षीय सुधार पर जोर
नई दिल्ली। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए राजधानी दिल्ली में दुनिया के प्रमुख नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया है। दो दिवसीय सम्मेलन का आगाज शनिवार को भारत मंडपम में होगा। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। सम्मेलन में फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्त नदायिशिमिये समेत कई देशों के प्रतिनिधि पहुंचे हैं। विश्व व्यापार संगठन की महानिदेशक न्गोजी ओकोंजो-इवेला भी सम्मेलन में शामिल हो रही हैं।
फिलीपींस की भागीदारी को भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और भारत-आसियान साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन में व्यापार, समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय संपर्क और ग्लोबल साउथ को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने वैश्विक संघर्ष, नौवहन की स्वतंत्रता, सतत विकास, मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता और खाद्य सुरक्षा सहित कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। साथ ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समेत बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया गया। यह सम्मेलन वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती कूटनीतिक भूमिका को रेखांकित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।



