- अमेरिका-इजरायल को करारा जवाब देने की चेतावनी
- ईरान शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का पक्षधर: पेजेश्कियान
- विदेशी ताकतों पर फूट डालने का आरोप
नई दिल्ली। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने शुक्रवार को अमेरिका और इजरायल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी तरह के दबाव, धौंस या अहंकार के सामने नहीं झुकेगा और अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहेगा।
पेजेश्कियान ने धार्मिक नेताओं, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और कारोबारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान क्षेत्र में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी ताकतें ईरानी समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दबाव बढ़ाया गया तो ईरान भी उसका मजबूती से जवाब देगा।
ईरानी राष्ट्रपति ने अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई को निशाना बनाते हुए कहा कि अस्पतालों, बुनियादी ढांचे और आम लोगों की आजीविका पर हमले के बजाय सैनिकों से मुकाबला किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुश्किलों और जरूरी वस्तुओं की कमी के बावजूद ईरानी जनता हार नहीं मानेगी। साथ ही उन्होंने ईरान, चीन और भारत समेत विभिन्न देशों के लोगों के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की जरूरत पर जोर दिया।


