- 100 से ज्यादा जगहों पर चला तलाशी अभियान
- आधार और नेटवर्क डेटा से मिला सुराग
- एक छात्रा के गर्भवती होने की खबर
बेंगलुरु के विद्यारण्यपुरा से जनवरी में लापता हुईं दो PUC छात्राओं को CID ने करीब आठ महीने बाद तलाश लिया है। 10 सदस्यीय विशेष टीम ने मुंबई, चेन्नई, दिल्ली, काशी, केरल, चामराजनगर और मैसूर समेत 100 से अधिक स्थानों पर खोजबीन की।
तेजस्विनी और तानिष्का के मोबाइल फोन बंद थे और उन्होंने न तो एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया था, न ही परिचितों से संपर्क किया था। जांच के दौरान दोनों के माले महादेश्वरा हिल्स जाने की जानकारी मिली, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वे वहां से जा चुकी थीं।
जांच में सामने आया कि दोनों ने एक युवक से खुद को बहनें और अनाथ बताया था। युवक ने उनकी बात पर विश्वास कर लिया और बाद में तानिष्का से शादी कर ली। तेजस्विनी भी उनके साथ रहने लगी।
मामले में अहम सफलता तब मिली, जब तानिष्का ने अपने मूल आधार कार्ड से नया सिम कार्ड लिया। आधार संबंधी जानकारी और नेटवर्क लोकेशन डेटा के आधार पर CID ने दोनों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद कर लिया।
बताया जा रहा है कि तानिष्का गर्भवती है। CID की ओर से दोनों छात्राओं को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत हाईकोर्ट के समक्ष पेश किए जाने की संभावना है। मामले की जांच जारी है।


