- तट से 2.2 किमी दूर लगी आग
- 42 यात्रियों और चालक दल को बचाया
- लापता लोगों की तलाश जारी
पलावान। फिलीपींस के पलावान प्रांत में लोकप्रिय पर्यटन स्थल कोरोन के पास यात्रियों से भरी एक फेरी में भीषण आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 87 लोग अब भी लापता हैं। फिलीपींस कोस्ट गार्ड के अनुसार, हादसे के समय फेरी पर कुल 134 लोग सवार थे।
कोस्ट गार्ड के मुताबिक, M/V जून एस्टर बुधवार शाम तट से करीब 1.2 नॉटिकल मील (2.2 किलोमीटर) दूर थी, तभी उसमें आग लग गई। अब तक 38 यात्रियों और चार चालक दल के सदस्यों समेत 42 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। पांच शव भी बरामद किए गए हैं।
कोस्ट गार्ड की कैप्टिन नोएमी कायाब्याब ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और आंकड़ों में बदलाव संभव है। फेरी मनीला से पलावान के कोरोन की ओर जा रही थी। कोरोन अपने खूबसूरत समुद्री दृश्यों, ऊंची चट्टानों और स्कूबा डाइविंग के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है।


