- चंदन गुप्ता की सुरक्षित रिहाई हुई
- कंपनी ने कानूनी मदद मुहैया कराई
- पत्नी ने सरकार का आभार जताया
मॉस्को में पिछले सप्ताह हिरासत में लिए गए नोएडा के इंजीनियर चंदन गुप्ता सकुशल रिहा होकर घर लौट आए हैं। उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने इसकी पुष्टि की। सरकारी सूत्रों के अनुसार, चंदन को 5 सितंबर की रात मॉस्को के रेड स्क्वायर इलाके से कथित तौर पर शराब के नशे में होने और पास खड़ी एंबुलेंस के शीशे तोड़ने के आरोप में हिरासत में लिया गया था।
मामला तब सुर्खियों में आया, जब स्नेहा गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उनके पति को रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव डाला जा रहा है। हालांकि, बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआत में उन्हें चंदन की हिरासत के पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने चंदन का फोन और पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिया था, जिससे उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था।
स्नेहा के मुताबिक, चंदन की कंपनी नोएडा स्थित यूफ्लेक्स लिमिटेड ने रूस में उनके लिए कानूनी सहायता की व्यवस्था की। कंपनी के कर्मचारियों ने पूरे घटनाक्रम के दौरान उनसे लगातार संपर्क बनाए रखा। उन्होंने कंपनी, बीजेपी सांसद सीमा द्विवेदी और सर्व वैश्य समाज के सदस्यों का भी आभार जताया, जिन्होंने उनकी अपील को संबंधित सरकारी और राजनयिक अधिकारियों तक पहुंचाने में मदद की।
कानपुर निवासी चंदन गुप्ता अपनी पत्नी और 10 वर्षीय बेटे के साथ वर्क वीजा पर मॉस्को में रह रहे थे। सरकारी सूत्रों ने उनकी हिरासत की पुष्टि की, हालांकि रूस द्वारा उन्हें सेना में भर्ती करने के कथित प्रयासों पर कोई टिप्पणी नहीं की गई।


