- Oracle में बड़े पैमाने पर छंटनी
- ईमेल में तुरंत नौकरी खत्म होने की सूचना
- AI विस्तार के बीच बढ़ा पुनर्गठन खर्च
टेक सेक्टर में छंटनी: Oracle ने कर्मचारियों की एक और बड़ी छंटनी शुरू कर दी है। सोमवार सुबह कुछ कर्मचारियों को ईमेल भेजकर बताया गया कि संगठनात्मक बदलाव के तहत उनकी भूमिका समाप्त कर दी गई है और आज उनका आखिरी कार्यदिवस है।
वित्त वर्ष 2026 में Oracle पहले ही करीब 21,000 कर्मचारियों यानी 13% वर्कफोर्स को कम कर चुका है। कंपनी में मौजूदा छंटनी से पहले करीब 1.41 लाख कर्मचारी थे। प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस के तौर पर चार सप्ताह की बेस सैलरी और हर वर्ष की सेवा के बदले एक सप्ताह की अतिरिक्त सैलरी देने की बात कही गई है।
ईमेल में क्या कहा गया: कर्मचारियों को भेजे संदेश में भूमिका खत्म होने की जानकारी के साथ टर्मिनेशन पेपरवर्क पूरा करने और सेवरेंस प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी लेने को कहा गया। उन्हें व्यक्तिगत ईमेल आईडी देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आगे के दस्तावेज और जानकारी साझा की जा सके। कंपनी ने कंप्यूटर, ईमेल और फाइलों की पहुंच जल्द बंद होने की बात कही और गोपनीय डेटा डाउनलोड या कॉपी करने से मना किया।
$2.8 अरब का पुनर्गठन प्लान: Oracle ने अपने वित्त वर्ष 2026 के पुनर्गठन बजट को बढ़ाकर 2.8 अरब डॉलर कर दिया है। इसमें सेवरेंस भुगतान और सुविधाओं को बंद करने का खर्च शामिल है। वहीं, कंपनी AI वर्कलोड के लिए बड़े डेटा सेंटर विकसित करने पर भी भारी निवेश कर रही है। इस विस्तार के बीच पिछली तिमाही में Oracle का कैश फ्लो 5.4 अरब डॉलर नकारात्मक रहा।


