- हाथी के हमले में युवक की मौत
- पांच साल का बच्चा गंभीर घायल
- हाथियों की बढ़ती आवाजाही से चिंता
असम के गोलपाड़ा जिले में सोमवार, 14 सितंबर की रात जंगली हाथी के हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना नेपालिखुटी के नालडोबा इलाके में हुई, जहां एक जंगली हाथी ने परिवार के दो सदस्यों पर हमला कर दिया।
हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। वहीं घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि गोलपाड़ा रीजनल फॉरेस्ट डिवीजन के कई इलाकों में जंगली हाथियों का बड़ा झुंड लगातार घूम रहा है। हाथियों के खेतों में घुसने से फसलों को नुकसान पहुंच रहा है और इंसानों से टकराव की घटनाएं बढ़ रही हैं।
कुछ दिन पहले 17वीं असम पुलिस बटालियन के जवान अमजद अली की भी जंगली हाथी के हमले में मौत हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बीच स्थानीय लोग हाथियों की निगरानी, समय पर अलर्ट और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम की मांग कर रहे हैं।


