- अखिलेश ने मंच पर बुलाकर मूंछों पर ताव दिलाया
- 55 साल से नहीं कटवाई अपनी खास मूंछें
- तीन बार प्रधान रहे जगदीश यादव
ललितपुर। बघौरा गांव के 75 वर्षीय पूर्व प्रधान जगदीश यादव इन दिनों अपनी राजनीति से अधिक अपनी करीब 55 साल पुरानी मूंछों को लेकर चर्चा में हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान उन्हें मंच पर बुलाया और अपने पीछे वाली सीट पर बैठाया। उन्होंने जगदीश यादव से मूंछों पर ताव भी दिलवाया और उनकी तारीफ करते हुए कहा कि ऐसी मूंछें अच्छी लगती हैं। अखिलेश ने मूंछों की देखभाल के लिए उन्हें रुपयों का लिफाफा भी दिया।
जगदीश यादव की मूंछें सियासी चर्चा में तब आईं, जब अखिलेश यादव ने एक दिन पहले सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर साझा कर मैनपुरी के डिप्टी एसपी अशोक सिंह पर तंज कसा था। अशोक सिंह का मूंछों पर ताव देते वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सुर्खियों में आया था।
जगदीश यादव बघौरा के तीन बार प्रधान रह चुके हैं और वर्ष 1992 में सपा की स्थापना के समय से ही पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि 20 वर्ष की उम्र में मूंछें रखने का शौक लगा और तब से उन्होंने इन्हें कभी नहीं कटवाया। उनके परिवार ने ग्राम बछरावनी में मुलायम सिंह यादव के नाम पर पार्क भी बनवाया है, जिसका उद्घाटन अखिलेश यादव से कराने की इच्छा है।


