- सुरंग से मलबा हटाने का अभियान जारी
- फॉरेंसिक टीम ने 378 DNA प्रोफाइल बनाए
- भारत ने भेजी 95 टन राहत सामग्री
काठमांडू, 9 सितंबर: बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित नेपाल में राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। भारत की संयुक्त तकनीकी टीम चिलिमे इलाके की सुरंग में पानी निकालने और कीचड़ हटाने का काम कर रही है। सुरंग की ढलान और सीमित पहुंच के कारण अभियान में मुश्किलें बनी हुई हैं। भारी मशीनरी पहुंचाने के लिए अस्थायी मार्ग का निर्माण अगले दो-तीन दिनों में पूरा होने की उम्मीद है।
भारत की फॉरेंसिक टीम भी काठमांडू में लापता लोगों की पहचान के लिए काम कर रही है। टीम अब तक 1,400 से अधिक DNA नमूनों की जांच कर 378 DNA प्रोफाइल तैयार कर चुकी है। भारत ने सात विमानों के जरिए नेपाल को 95 टन आपातकालीन राहत सामग्री भेजी है और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त सहायता जारी रखने का भरोसा दिया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, नेपाल में 275 भारतीय नागरिक लापता बताए गए हैं, जिनमें चीन की ओर लापता हुए 49 लोग भी शामिल हैं। अब तक 169 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। नेपाल पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, आपदा में 1,366 लोगों की मौत हुई है, जबकि 4,077 लोग अब भी लापता हैं। भारत ने चीन में लापता भारतीय नागरिकों के परिजनों से DNA नमूने जमा कराने की अपील की है।


