- पड़ोस की खबरें जुटाकर करती हैं कमाई
- छोटी खबरों की भी तय है कीमत
- गॉसिप के लिए रखती हैं पूरा रिकॉर्ड
कोलंबिया। आमतौर पर पड़ोस की बातें करना लोगों के लिए महज समय बिताने का जरिया होता है, लेकिन कोलंबिया की 67 वर्षीय मिरियम ने इसे कमाई का अनोखा साधन बना लिया है। वह पड़ोसियों की गतिविधियों, आपसी विवाद और निजी मामलों से जुड़ी जानकारियां जुटाकर जरूरतमंद लोगों को बेचती हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस काम से वह दो घर बना चुकी हैं।
आर्मेनिया शहर की रहने वाली मिरियम अक्सर घर के बाहर बैठकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखती हैं। लोग मोहल्ले की ताजा जानकारी के लिए उनके पास पहुंचते हैं। छोटी खबरों के लिए वह 5,000 से 10,000 कोलंबियन पेसो लेती हैं, जबकि खास और निजी जानकारी की कीमत इससे कहीं अधिक होती है। उनकी सबसे महंगी डील करीब 7 लाख पेसो (लगभग 21 हजार रुपये) की बताई जाती है।
मिरियम का कहना है कि वह सुनी-सुनाई बातों पर निर्भर नहीं रहतीं, बल्कि जानकारियों को तारीख और समय के साथ नोटबुक में दर्ज करती हैं। उनके घर में तस्वीरों और कागजों से बना एक ‘गॉसिप बोर्ड’ भी है। उनकी यह अनोखी कमाई सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।


