- 6 अक्टूबर को होगा मतदान
- 9 अक्टूबर को आएंगे नतीजे
- AIADMK की सीटें वापस पाने पर नजर
चेन्नई: तमिलनाडु की सत्ता संभालने के महज तीन महीने बाद तमिलगा वेत्रि कझगम (TVK) सरकार के सामने पहली बड़ी चुनावी चुनौती आ गई है। निर्वाचन आयोग ने मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।
इन दोनों सीटों के पूर्व AIADMK विधायक मरागतम कुमारवेल और पी. सत्यबामा ने इस्तीफा देकर TVK का दामन थाम लिया था। इसके बाद दोनों विधानसभा सीटें खाली हो गई थीं। ऐसे में उपचुनाव TVK और AIADMK के बीच प्रतिष्ठा की सीधी लड़ाई बन सकते हैं। AIADMK इन सीटों पर दोबारा कब्जा जमाने की कोशिश करेगी।
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 9 से 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 19 सितंबर है। उपचुनाव की घोषणा के साथ ही दोनों क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
इन उपचुनावों का परिणाम TVK सरकार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा में बहुमत के लिए जरूरी संख्या तक पहुंचने के लिए सरकार सहयोगी दलों के समर्थन पर निर्भर है। ऐसे में दोनों सीटों के नतीजे सरकार की राजनीतिक पकड़ और गठबंधन की मजबूती का संकेत दे सकते हैं।


