- हादसे में छह मजदूरों की मौत
- सात घायल, तीन की हालत गंभीर
- पुलिस ने ट्रक चालक पर केस
गोंदिया: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश राज्य राजमार्ग पर नागरा गांव के पास देर रात ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने की भीषण टक्कर में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बालाघाट जिले के मजदूर अपने परिवारों के साथ रोजगार की तलाश में हैदराबाद जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे नागरा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग वाहन में फंस गए।
सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। गैस कटर की मदद से शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घायल राजेंद्र शिवचरन पांढरे के बयान के आधार पर ट्रक चालक मोहसिन खान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


