- 162 निकायों में कल होगा मतदान
- 5,393 पार्षद पदों पर 20,623 उम्मीदवार
- 14 सितंबर को घोषित होंगे नतीजे
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान बुधवार, 9 सितंबर को होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। प्रशासन ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी होने की जानकारी दी है और मतदान दलों को उनके केंद्रों पर भेज दिया गया है।
पहले चरण में राज्य के 162 नगर निकायों में मतदान होगा। इनमें चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगर पालिकाएं शामिल हैं। इन निकायों में 5,393 पार्षद पदों के लिए कुल 20,623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण के लिए 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 57.52 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जयपुर जिले के 18 नगर निकायों में 565 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे।
पहले चरण में अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगम में भी मतदान होगा। राजस्थान के सभी 309 नगर निकायों के चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। दूसरा चरण 11 सितंबर को होगा, जबकि मतगणना और परिणामों की घोषणा 14 सितंबर को की जाएगी।


