- पुराने वीडियो से सऊदी कनेक्शन पर सवाल
- बायौमी और अवलाकी की नजदीकी आई सामने
- एफबीआई की जांच पर फिर उठे सवाल
अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले की जांच से जुड़े पुराने सबूतों ने सऊदी कनेक्शन को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। बीबीसी की जांच रिपोर्ट के अनुसार, एफबीआई के संज्ञान में आए वीडियो फुटेज में संदिग्ध सऊदी नागरिक उमर अल-बायौमी को बाद में अलकायदा के प्रमुख आतंकी बने अनवर अल-अवलाकी के साथ पेंटबॉल खेलते देखा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह फुटेज 9/11 हमले के कुछ ही दिनों बाद एफबीआई को मिल गया था। एक वीडियो में बायौमी और अवलाकी एक-दूसरे को गले लगाते नजर आते हैं, जबकि दूसरे फुटेज में दोनों सऊदी अरब के इस्लामिक मामलों के मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी के साथ पेंटबॉल खेलते दिखाई देते हैं।
कोर्ट रिकॉर्ड और जांच दस्तावेजों के अनुसार, बायौमी 1994 में सैन डिएगो पहुंचा था। पीड़ितों के परिवारों का आरोप है कि उसने 9/11 के 19 अपहरणकर्ताओं में से दो की मदद की थी। हालांकि, सऊदी अरब ने हमले में किसी भी तरह की संलिप्तता से लगातार इनकार किया है। नए वीडियो सामने आने के बाद एफबीआई की जांच और सऊदी संबंधों को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।


