- 2,843 किमी का माल ढुलाई नेटवर्क पूरा
- JNPT से दादरी तक सीधा संपर्क
- लॉजिस्टिक्स लागत और रेल भीड़ घटेगी
नई दिल्ली। करीब दो दशक के इंतजार के बाद देश का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क मंगलवार को पूरी तरह चालू हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के बचे हुए तीन खंडों का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (JNPT) से उत्तर प्रदेश के दादरी तक सीधा माल ढुलाई रेल संपर्क स्थापित हो जाएगा।
पश्चिमी कॉरिडोर दादरी में पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जुड़ता है। पूर्वी हिस्से में पश्चिम बंगाल के सोननगर से पंजाब के लुधियाना तक कॉरिडोर पहले ही चालू है। नए खंडों के जुड़ने के बाद कुल 2,843 किलोमीटर लंबा फ्रेट रेल नेटवर्क पूरी तरह परिचालन में आ जाएगा।
नए तीन खंड—न्यू सानंद-न्यू मकरपुरा, न्यू अंबरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-JNPT—कुल 326 किलोमीटर लंबे हैं और इन पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए हैं। इससे बंदरगाहों और औद्योगिक केंद्रों के बीच माल परिवहन तेज होगा, लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव कम होगा।
रेलवे के अनुसार, अगस्त तक चालू डीएफसी खंडों पर करीब 5.2 लाख मालगाड़ियां दौड़ चुकी हैं। इन पर प्रतिदिन औसतन 435 मालगाड़ियों का संचालन हुआ है।


