- मणिपुरी शिक्षक की हत्या
- शोर रोकना पड़ा भारी
- तीसरी मंजिल पर हमला
दिल्ली के किलोकरी गांव में देर रात शोर का विरोध करना 54 वर्षीय संगीत शिक्षक चोंगथाम विक्रम सिंह को भारी पड़ गया।
आरोप है कि पास के खाने-पीने के ठिकानों से जुड़े कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ।
इसके बाद करीब आठ लोगों ने उनका पीछा कर तीसरी मंजिल तक पहुंचकर हमला किया।
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 11:30 बजे विक्रम सिंह घर से कचरा फेंकने निकले थे। घर के बाहर हो रहे शोर और हंगामे को लेकर उनकी कुछ लोगों से बहस हो गई। घर लौटते समय आरोपियों ने उन्हें घेरकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा।
गंभीर रूप से घायल विक्रम सिंह को उनके बेटे ने ओखला के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना सोमवार रात 1:38 बजे मिली। इलाज के दौरान सुबह करीब 7 बजे उनकी मौत हो गई।
17 साल से संगीत सिखा रहे थे।
विक्रम सिंह दिल्ली में करीब 17 वर्षों से निजी तौर पर संगीत सिखा रहे थे।
वह अपनी पत्नी जोशना चोंगथाम और 20 वर्षीय बेटे के साथ रहते थे।
उनकी मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
पुलिस ने सात वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 15 वर्षीय किशोर को भी पकड़ा गया है।
घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आठ लोग सीढ़ियों से उतरते दिखाई दे रहे हैं।
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने भी फुटेज सोशल मीडिया पर साझा किया।
उन्होंने मामले की गहन जांच और जल्द न्याय की मांग की।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।


