- सुनील लहरी ने मुंढे की जमकर तारीफ की
- 100 दिनों में 904 जगहों पर कार्रवाई
- जनस्वास्थ्य सुरक्षा को बताया मुंढे का लक्ष्य
मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंढे की मिलावट और खाद्य सुरक्षा के खिलाफ कार्रवाई की अभिनेता सुनील लहरी ने सराहना की है। ‘रामायण’ में लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले लहरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुंढे और महाराष्ट्र सरकार को बधाई दी।
लहरी ने कहा कि मुंढे ने स्ट्रीट फूड विक्रेताओं से लेकर बड़े रेस्तरां, सरकारी कैंटीन, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण कंपनियों तक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती की है। उन्होंने कहा कि देश के हर विभाग में मुंढे जैसे ईमानदार और समर्पित अधिकारी होने चाहिए।
मुंढे ने 25 मई 2026 को FDA आयुक्त का पद संभाला था। विभाग के अनुसार, करीब 100 दिनों में 904 स्थानों पर कार्रवाई कर 34.7 करोड़ रुपये के खाद्य उत्पाद जब्त किए गए और 322 प्रतिष्ठानों को सील किया गया। इस दौरान 457 गिरफ्तारियां भी हुईं। मुंढे का कहना है कि उनका लक्ष्य लोकप्रियता नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य की रक्षा और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।


