- धमाके में 64 लोग घायल हुए
- चर्च के पास मची अफरा-तफरी
- विस्फोट की वजह की जांच जारी
मेक्सिको के मेक्सिको राज्य के टेमास्कालसिंगो में शनिवार रात धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी के सामान में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पास की एक दीवार ढह गई और मौके पर भगदड़ मच गई। हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 64 लोग घायल हुए हैं।
घटना नुएस्त्रा सेन्योरा दे ला लूज चर्च के पास हुई, जहां धार्मिक उत्सव में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। विस्फोट के बाद इलाके में धुआं और मलबा फैल गया। स्थानीय प्रशासन और राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्थानीय बिशप के अनुसार, दो पादरी भी घायल हुए हैं।
मेक्सिको स्टेट अटॉर्नी जनरल्स ऑफिस ने विस्फोट की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आतिशबाजी में विस्फोट होने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।


