- हाईराइज बिल्डिंग में अचानक शुरू हुई गोलीबारी
- शूटर समेत तीन लोगों की मौत
- तीन पुलिस अधिकारी भी हुए घायल
मिनियापोलिस। अमेरिका के मिनियापोलिस में बुधवार शाम एक हाईराइज अपार्टमेंट बिल्डिंग में हुई गोलीबारी से दहशत फैल गई। घटना में गोली चलाने वाले संदिग्ध समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं। इनमें दो अधिकारियों को गोली लगी है। अस्पताल के अनुसार तीनों पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर है।
पुलिस को शाम करीब 4:30 बजे 911 पर गोलीबारी की सूचना मिली। करीब तीन मिनट में पुलिस टीम बिल्डिंग पहुंच गई। अधिकारियों को अंदर गोली लगने से घायल लोग मिले। इसी दौरान ऊपरी मंजिल से दोबारा गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। पुलिस टीम वहां पहुंची तो दो लोग मृत मिले और संदिग्ध भी मारा जा चुका था।
घायल पुलिस अधिकारियों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। एक अधिकारी के पैर में गोली लगी, जबकि एक अन्य की सर्जरी की जा रही थी। गोलीबारी में मारे गए दो लोगों में एक की मौके पर और दूसरे की अस्पताल में मौत हुई।
प्रत्यक्षदर्शी जूलियस बेली ने बताया कि उन्होंने करीब आठ गोलियों की आवाज सुनी। उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति को पिस्तौल के साथ देखा, जिसे वह बिल्डिंग में रहने वाले के रूप में पहचानते थे। बेली के अनुसार, वह व्यक्ति पहले भी सार्वजनिक स्थानों पर बंदूक लहराता देखा गया था। पुलिस घटना की परिस्थितियों और गोलीबारी के कारणों की जांच कर रही है।


