- नरोदा GIDC में आग
- दस दमकल गाड़ियां पहुंचीं
- जनहानि की खबर नहीं
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। अहमदाबाद के नरोदा GIDC फेज-3 स्थित एक फूड प्रोडक्ट पैकेजिंग कंपनी में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। प्लॉट नंबर 28 पर स्थित यह फैक्ट्री अभी निर्माणाधीन थी। आग लगते ही अंदर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री से उठता काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अहमदाबाद फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए शुरुआत में सात दमकल गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर दमकल की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई। फायरकर्मी अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं।
आग आसपास की फैक्ट्रियों और अन्य क्षेत्रों में न फैले, इसके लिए दमकल विभाग विशेष सावधानी बरत रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
अब तक जनहानि की खबर नहीं
इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो बड़ी राहत की बात है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण का अभी आधिकारिक रूप से पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य तकनीकी कारणों की संभावना पर भी गौर किया जा रहा है।
आग के कारण फैक्ट्री में रखे कच्चे माल और मशीनरी को काफी नुकसान होने की आशंका है। दमकल की टीमें आग को पूरी तरह बुझाने में जुटी हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति और आग लगने के सटीक कारण का पता चल सकेगा।


