Hind Sagar PLK,दिनांक: 21 जुलाई 2025 नई दिल्ली। देश की राजधानी से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। भारत के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा आज प्रातः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी संक्षिप्त बयान में यह पुष्टि की गई है कि राष्ट्रपति ने धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से इस पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ज्ञात हो कि जगदीप धनखड़ ने वर्ष 2022 में उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। अपने कार्यकाल के दौरान वे कई महत्वपूर्ण संसदीय एवं संवैधानिक मुद्दों पर मुखर रहे और उन्होंने उच्च सदन यानी राज्यसभा की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ महीनों से धनखड़ की तबीयत में गिरावट देखी जा रही थी, जिसके चलते चिकित्सकीय सलाह पर उन्होंने सक्रिय राजनीति से विराम लेने का फैसला किया है। उनके इस्तीफे को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, और नए उपराष्ट्रपति को लेकर संभावनाओं का दौर भी शुरू हो गया है।
Hind Sagar PLK लगातार इस बड़ी खबर पर नज़र बनाए हुए है, आगामी घटनाक्रमों की जानकारी के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।


