Hind Sagar PLK संवाददाता | 21 जुलाई 2025 जकार्ता (इंडोनेशिया): इंडोनेशिया के तट के पास एक फेरी जहाज KM Barcelona VA में अचानक आग लग गई। यह फेरी तालाउ द्वीप से मनाडो की ओर जा रही थी, जिसमें लगभग 280 लोग सवार थे। आग इतनी भयानक थी कि यात्रियों को जान बचाने के लिए समुद्र में कूदना पड़ा।
हादसा दोपहर 1:30 बजे हुआ और इसका खौफनाक दृश्य कैमरे में कैद हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जहाज को धू-धू कर जलते हुए देखा जा सकता है, जबकि यात्री लाइफ जैकेट पहनकर समुद्र में छलांग लगाते दिखाई दिए।
बचाव कार्य में तुरंत स्थानीय मछुआरे और तटरक्षक बल जुट गए। अब तक 284 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। हालांकि, कम से कम 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। कुछ यात्री अब भी लापता बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।
इस घटना ने इंडोनेशिया में समुद्री परिवहन सुरक्षा पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।