शिवकुमार समर्थक विधायक बोले – 100 विधायकों का समर्थन, खड़गे ने कहा – फैसला हाईकमान करेगा
बेंगलुरु। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के करीबी विधायक एच.ए. इकबाल हुसैन ने दावा किया है कि शिवकुमार को 100 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी ने नेतृत्व परिवर्तन नहीं किया, तो अगला विधानसभा चुनाव हार सकती है।
इस राजनीतिक हलचल के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री बदलने का निर्णय पार्टी का हाईकमान ही करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे इस विषय में कोई व्यक्तिगत राय नहीं रख सकते।
वहीं, कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने सिद्धारमैया और शिवकुमार की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी में एकता का संदेश दिया और कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री बदलने की कोई योजना नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, अगले दो से तीन महीनों में पार्टी आलाकमान इस विषय पर कोई निर्णय ले सकता है।


