CEL के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए सीएम योगी आदित्यनाथ
(हिंद सागर प्रलोका) गाजियाबाद, 26 जून: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गाजियाबाद में अत्याधुनिक डाटा सेंटर परियोजना का शिलान्यास किया। इसके साथ ही वे सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (CEL) के स्वर्ण जयंती समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डिजिटल इंडिया की नींव मजबूत करने के लिए डाटा सेंटर का निर्माण बेहद जरूरी है। यह राज्य में सूचना तकनीक के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम है, जो रोजगार और निवेश को गति देगा। उन्होंने डाटा सुरक्षा को वर्तमान समय की सबसे प्रमुख आवश्यकता बताते हुए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि यूपी को डाटा सुरक्षा और तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी बनाया जाएगा। 
मुख्यमंत्री ने सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की 50 साल की यात्रा को ऐतिहासिक करार देते हुए इसके वैज्ञानिक विकास, सौर ऊर्जा उपकरणों और रक्षा तकनीक में दिए गए योगदान की सराहना की। सीएम योगी ने यह भी रेखांकित किया कि उत्तर प्रदेश अब केवल श्रमशक्ति का नहीं, बल्कि तकनीकी कौशल का भी केंद्र बन रहा है, और CEL जैसी संस्थाएँ राज्य के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं।


