तेहरान/तेल अवीव। ईरान और इजरायल के बीच तनाव चरम पर है। दोनों देशों ने एक-दूसरे के खिलाफ जबरदस्त सैन्य कार्रवाई की है, जिससे पूरे मध्य-पूर्व में तनाव और क्षेत्रीय अस्थिरता का खतरा बढ़ गया है।
ईरान ने इजरायल के प्रमुख शहरों तेल अवीव, हाइफा, यरुशलम और बेन गुरियन एयरपोर्ट को निशाना बनाते हुए 100 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे। इस हमले में इजरायल में 4 लोगों की मौत हो गई और लगभग 499 लोग घायल हुए हैं। इजरायली मीडिया के अनुसार, हाइफा के निकट अरब शहर तमरा में एक दो-मंजिला इमारत पर मिसाइल गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए।
दूसरी ओर, इजरायल ने भी पलटवार किया है। इजरायली सेना ने तेहरान में ईरान की परमाणु हथियार परियोजना से जुड़े कई प्रमुख ठिकानों और सैन्य अड्डों को निशाना बनाया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में ईरान में अब तक 639 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 1,329 घायल हुए हैं। कई सैन्य अड्डे और परमाणु संयंत्र पूरी तरह तबाह हो गए हैं।
तबाही का आंकड़ा:
ईरान में: 639 मृत, 1,329 घायल
इजरायल में: 4 मृत, 499 घायल
ईरान और इजरायल के बीच यह सीधी जंग अब तक के सबसे गंभीर संघर्षों में से एक है। दोनों पक्षों से लगातार रॉकेट और मिसाइलें दागे जाने से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। रिपोर्टों के अनुसार, दोनों देशों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है और नागरिकों से सुरक्षित स्थानों में शरण लेने की अपील की गई है।
विदेश नीति और रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह संघर्ष और बढ़ा तो यह पूरे मध्य-पूर्व में व्यापक युद्ध का रूप ले सकता है, जिसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और शांति व्यवस्था दोनों पर पड़ेगा।


