जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक में उठी ई-केवाईसी, मोबाइल और मानदेय की समस्याएं
रिपोर्ट: हिन्द सागर संवाददाता, प्रलोका, बस्ती (उत्तर प्रदेश)
बस्ती: महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, जनपद शाखा बस्ती की जिला कार्यकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक बैरिहवा स्थित संघ कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी प्रमुख मांगों और समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रतन बाला श्रीवास्तव ने की। उन्होंने बताया कि बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा ई-केवाईसी एवं चेहरा प्रमाणीकरण (फेस ऑथेंटिकेशन) का कार्य ज़बरन कराया जा रहा है। विभागीय अधिकारी इस कार्य को न करने पर मानदेय रोकने और सेवा समाप्त करने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश कार्यकत्रियों के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। वर्षों पूर्व वितरित 2GB RAM व 16GB मेमोरी वाले मोबाइल अब खराब हो चुके हैं और स्वयं डेटा रिचार्ज करने की स्थिति भी नहीं है।
रतन बाला ने यह भी कहा कि गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, किशोरी बालिकाएं व छोटे बच्चे जिनके आधार कार्ड में लिंक मोबाइल नंबर अब काम नहीं कर रहे, उनके ई-केवाईसी की प्रक्रिया लंबित है। जब तक लाभार्थी अपना आधार अपडेट नहीं कराते, कार्यकत्रियां कैसे यह कार्य पूरा करें? ऐसे में जब तक सरकार नए मोबाइल फोन और एक वर्ष का इंटरनेट रिचार्ज नहीं देती, तब तक जबरन कार्य के लिए दबाव, घुड़की या धमकी नहीं दी जानी चाहिए।
जिला मंत्री सरोज शुक्ला ने वर्तमान महंगाई के बीच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कम मानदेय पर चिंता जताते हुए कहा कि देश के अन्य राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश की कार्यकत्रियों को बहुत कम मानदेय मिलता है। उन्होंने मांग की कि मानदेय में वृद्धि हो, सेवा निवृत्त कर्मियों को ग्रेच्युटी मिले तथा 15 दिन का मेडिकल अवकाश मानदेय सहित प्रदान किया जाए।
जिला संरक्षक के.के. श्रीवास्तव ने कहा कि उच्च न्यायालय और मुख्य सचिव के आदेशों के बावजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य कार्य कराना चिंताजनक है। उन्होंने तत्काल इस पर रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से रतन बाला श्रीवास्तव, सुमन लता पाण्डेय, ओम कान्ति, सुमन पाण्डेय, चन्द्रप्रभा यादव, शैल कुमारी, अनीता पाण्डेय, सुनीता देवी, कुसुम चौधरी, सरला चौधरी सहित अनेक कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।


