- 19 महीने का सबसे कम उम्र दाता
- तीन मरीजों को मिला जीवनदान
- माता-पिता ने किया साहसिक अंगदान
चेन्नई। राजीव गांधी सरकारी जनरल अस्पताल में 19 महीने के ब्रेन डेड बच्चे के अंगदान ने मानवता की मिसाल पेश की। माता-पिता की सहमति के बाद बच्चे की दोनों किडनियां, लिवर और दिल तीन जरूरतमंद मरीजों में प्रत्यारोपित किए गए। इसे तमिलनाडु का अब तक का सबसे कम उम्र का अंगदाता बताया गया है।
हाइड्रोसिफ़लस की गंभीर स्थिति के चलते बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। छह दिन आईसीयू में इलाज और सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित किया। इसके बाद माता-पिता ने दूसरे बच्चों की जिंदगी बचाने के लिए अंगदान का साहसिक फैसला लिया।
दोनों किडनियां चेन्नई की 20 वर्षीय महिला में, लिवर चेन्नई के एक बच्चे में और दिल कोयंबटूर के एक बच्चे में प्रत्यारोपित किया गया। अस्पताल के डीन डॉ. शांतारामन ने माता-पिता के फैसले को साहस और मानवता की मिसाल बताया।


