- एफएसएसएआई ने दिया चेतावनी लेबल प्रस्ताव
- चीनी, नमक और वसा की मिलेगी जानकारी
- नेस्ले-पेप्सिको समेत कंपनियों ने जताया विरोध
नई दिल्ली। पैकेटबंद खाद्य और पेय पदार्थों में अधिक चीनी, नमक और वसा की पहचान अब उपभोक्ताओं के लिए आसान हो सकती है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने ऐसे उत्पादों पर लाल रंग का चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव रखा है।
प्रस्तावित लेबल पर अधिक वसा, अधिक चीनी, अधिक नमक और अत्यधिक मीठे पेय जैसी चेतावनियां स्पष्ट रूप से दर्ज होंगी। इससे ग्राहक खरीदारी से पहले उत्पाद के स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को समझ सकेंगे।
एफएसएसएआई ने यह जानकारी सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपनी रिपोर्ट में दी है। शीर्ष अदालत ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर चेतावनी लेबल लागू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा है। हालांकि, नेस्ले, पेप्सिको और कोका-कोला जैसी बड़ी कंपनियां इस प्रस्ताव का विरोध कर रही हैं। उनका कहना है कि ऐसे लेबल से उनके उत्पादों की बिक्री प्रभावित हो सकती है।


