- नेपाल में बाढ़ और मलबे से भारी तबाही
- 90 अमेरिकी नागरिकों के लापता होने की आशंका
- अमेरिका ने 5 लाख डॉलर राहत सहायता दी
वाशिंगटन। नेपाल के रसुवा जिले में भीषण बाढ़ और मलबे के सैलाब से हुई तबाही पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका नेपाल सरकार के संपर्क में है और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा। ट्रंप ने आपदा को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि पानी और मलबे के तेज बहाव में मजबूत इमारतें भी तिनकों की तरह बह गईं।
अमेरिकी विदेश विभाग ने नेपाल के लिए 5 लाख डॉलर की शुरुआती आपातकालीन सहायता की घोषणा की है। यह राशि राहत सामग्री, आश्रय, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने में खर्च की जाएगी। अमेरिका ने बचाव कार्यों में सहयोग के लिए आपदा प्रतिक्रिया सलाहकार भी नेपाल भेजा है।
इस बीच, प्रभावित क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार करीब 90 अमेरिकी नागरिकों के लापता होने की आशंका है। काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर उनकी तलाश और सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा है।


