PSU बैंक शेयरों में जोरदार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को मिला सहारा
– PSU बैंक शेयरों में जोरदार तेजी
– कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट
– एटरनल, आईसीआईसीआई बैंक बने टॉप गेनर्स
मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हुई। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार की धारणा मजबूत हुई। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 285 अंक बढ़कर 77,944.02 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 23 अंक की बढ़त के साथ 24,356.10 पर कारोबार करता दिखा।
सेंसेक्स में एटरनल, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व और एशियन पेंट्स प्रमुख बढ़त वाले शेयर रहे। वहीं टाटा स्टील, इन्फोसिस, एयरटेल और एलएंडटी के शेयरों में दबाव देखा गया।
क्षेत्रीय सूचकांकों में निफ्टी सार्वजनिक क्षेत्र बैंक सूचकांक 1.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे मजबूत रहा। हालांकि निफ्टी धातु और निफ्टी वाहन सूचकांक में शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट रही। व्यापक बाजार में निफ्टी मिडकैप 100 में 0.30 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.48 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
बाजार को कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी राहत मिली। ब्रेंट क्रूड करीब 2.66 प्रतिशत गिरकर 86.22 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। विशेषज्ञों के अनुसार, तेल की कीमतों में गिरावट से भारत में महंगाई और आयात लागत को लेकर निकट अवधि में दबाव कम हो सकता है।
ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर सहयोग की खबरों से तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका भी कुछ कम हुई है। उधर, एशियाई बाजारों में कोस्पी, निक्केई 225, शंघाई कंपोजिट और हैंग सेंग बढ़त के साथ कारोबार करते रहे। इससे घरेलू बाजार में भी सकारात्मक माहौल बना।


