- दूतावासों में शुरू हुआ वैश्विक प्रशिक्षण कार्यक्रम
- पुराने अपॉइंटमेंट की तारीखें बदली जाएंगी
- ट्रंप प्रशासन की सख्त नीति जारी
वॉशिंगटन। अमेरिका ने दुनिया भर में अपने दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में वीजा अपॉइंटमेंट के कार्यक्रम में अस्थायी बदलाव किया है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, कॉन्सुलर अधिकारियों के लिए वैश्विक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके कारण पहले से तय कुछ वीजा अपॉइंटमेंट की तारीखें बदली जा रही हैं। भारतीय आवेदकों पर भी इसका असर पड़ सकता है।
विदेश विभाग ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य वीजा आवेदनों की जांच को अधिक व्यापक और एकसमान बनाना है। हालांकि, विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि अपॉइंटमेंट में बदलाव कितने समय तक जारी रहेगा। नई तारीखों की जानकारी संबंधित आवेदकों को बाद में दी जाएगी।
रिपोर्ट के अनुसार, कई आवेदकों को ईमेल के माध्यम से उनके निर्धारित इमिग्रेंट वीजा साक्षात्कार में बदलाव की सूचना दी गई है। अमेरिकी प्रशासन इस समय आव्रजन व्यवस्था को लेकर व्यापक सख्ती बरत रहा है, जिसमें वीजा और स्थायी निवास से जुड़े मामलों की कड़ी जांच भी शामिल है।
इस बीच, अमेरिकी आव्रजन नीतियों को कानूनी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक अमेरिकी न्यायाधीश ने 75 देशों के नागरिकों को इमिग्रेंट वीजा जारी करने पर रोक लगाने वाली नीति को रद्द कर दिया था।
इसके अलावा, प्रशासन बड़ी संख्या में बी1 और बी2 वीजा की समीक्षा और संभावित रद्दीकरण की तैयारी कर रहा है। इन वीजाधारकों में वे लोग शामिल हैं जिन्होंने अमेरिका में शरण के लिए आवेदन किया है या आवेदन की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में अमेरिकी वीजा प्रक्रिया और अधिक सख्त होने की संभावना है।


