- पत्नी और ससुराल वाले हुए घर से फ़रार, पुलिस ने जौनपुर निवास पर नोटिस चिपकाया।
हिन्द सागर प्रालोका उप्र संवाददाता विनीत शर्मा।
बेंगलुरु में रहने वाले उत्तर प्रदेश निवासी अतुल सुभाष (34) की आत्महत्या का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। अतुल ने 24 पन्नों के सुसाइड नोट और 90 मिनट के वीडियो में अपनी पत्नी निकिता सिंघानिया और ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बेंगलुरु पुलिस ने निकिता के उत्तर प्रदेश स्थित जौनपुर आवास पर नोटिस चिपकाया है, जिसमें उन्हें तीन दिनों के भीतर पूछताछ के लिए बेंगलुरु में पेश होने का निर्देश दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे वैवाहिक कलह एक बड़ा कारण हो सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, निकिता और उनके परिवार वाले जौनपुर स्थित अपने घर से फरार हैं। इस बीच, उन्होंने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वे इस मामले में निर्दोष हैं और जल्द ही सभी प्रमाण पेश करेंगे।
अतुल ने सुसाइड नोट में अपनी पत्नी और ससुराल वालों के साथ एक जज पर भी रिश्वत के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इसे “न्याय प्रणाली में भ्रष्टाचार” का उदाहरण बताया। अतुल ने सुसाइड के पहले एक NGO को यह नोट साझा करते हुए कहा था कि उनका परिवार उनकी मदद का पात्र है।
कानूनी बहस और सामाजिक प्रभाव
यह मामला वैवाहिक मामलों में कानून के दुरुपयोग पर समाज और न्यायपालिका के बीच बहस छेड़ रहा है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने घरेलू हिंसा और प्रताड़ना कानूनों के अनुचित उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
यह मामला जहां न्याय और कानून के दायरे में जांच के घेरे में है, वहीं इसने व्यक्तिगत और सामाजिक स्तर पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की आगे की कार्रवाई पर पूरे देश की नजर है।
————————————-