- सऊदी टैंकर पर हमले में दो की मौत
- रियाद ने ईरान पर लगाया हमले का आरोप
- कतर ने होर्मुज मार्ग खोलने की मांग की
सऊदी ने ईरान को ठहराया जिम्मेदार, कतर ने भी की निंदा
होर्मुज जलडमरूमध्य में सऊदी अरब के तेल टैंकर ‘सिद्र’ (Sidr) पर कथित हमले में चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई। सऊदी अरब ने हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
सऊदी विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव पर चिंता जताते हुए जॉर्डन, बहरीन और कुवैत पर हुए कथित ईरानी हमलों की भी निंदा की। रियाद ने इन देशों के अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के अधिकार का समर्थन किया।
सऊदी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और समुद्री यातायात की स्वतंत्रता वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उसने सभी पक्षों से सैन्य तनाव रोकने और विवादों का समाधान बातचीत के जरिए करने की अपील की।
वहीं, कतर ने भी सऊदी टैंकर पर हमले की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्री यातायात की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताया। कतर ने होर्मुज जलडमरूमध्य को दबाव के साधन के रूप में इस्तेमाल करने का विरोध किया और इसे तत्काल तथा बिना शर्त खोलने की मांग की।


