- दंपती की तलाश जारी
- बच्चा पुल पर मिला
- कर्ज से थे परेशान
डिजिटल डेस्क, अमरावती: आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में एक
दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 29 वर्षीय डोड्डा साई और उनकी
28 वर्षीय पत्नी शिरीषा ने गुरुवार रात उफनती गोदावरी नदी में छलांग लगा दी।
दंपती अपने तीन वर्षीय बेटे को पुल पर स्कूटर के पास अकेला छोड़कर
नदी में कूद गए। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर राहगीरों ने पुलिस को
सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित संभाला।
पुलिस और स्थानीय बचाव दल ने नदी में तलाश शुरू कर दी है। गोताखोरों और
नावों की मदद से दंपती की खोज की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक
दोनों का कोई पता नहीं चल सका था।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, दंपती रात करीब 10 बजे अपने बच्चे के साथ स्कूटर से
पुल पर पहुंचे थे। उन्होंने बच्चे को स्कूटर पर छोड़ दिया और इसके बाद
उफनती गोदावरी नदी में छलांग लगा दी।
अंधेरे और ठंड के बीच बच्चा पुल पर अकेला रोता रहा। राहगीरों ने उसे
देखकर पुलिस को सूचना दी। बच्चा लगातार “अम्मा… नन्ना” यानी मां-पिता
को पुकार रहा था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसके माता-पिता को तलाशा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लिया।
मौके से स्कूटर भी बरामद कर लिया गया। बाद में बच्चे को उसके परिजनों
को सौंप दिया गया।
कर्ज से जूझ रहा था परिवार
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि साई ड्राइवर के रूप में काम करते थे और
कुछ समय तक खाड़ी देशों में भी नौकरी कर चुके थे। वापस आंध्र प्रदेश आने के
बाद परिवार कथित तौर पर आर्थिक परेशानियों और बढ़ते कर्ज से जूझ रहा था।
पुलिस को आशंका है कि आर्थिक संकट के चलते परिवार ने अपना घर भी बेच दिया
था। हालांकि, पुलिस ने अभी आर्थिक परेशानी को घटना की एकमात्र वजह नहीं
माना है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दंपती के नदी में कूदने के कारणों तथा
घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच जारी है। नदी में दोनों की तलाश के लिए
स्थानीय बचाव टीमों की मदद ली जा रही है।


