8 अगस्त को होगा भव्य उद्घाटन समारोह, राजस्थान और कर्नाटक के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक सहयोग को मिलेगी नई दिशा।
“जहाँ अपनी मिट्टी की सुगंध, संस्कृति की गरिमा और सेवा का संकल्प एक साथ मिलते हैं, वहीं से समाज के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत होती है।” इसी भावना को साकार करते हुए राजस्थान सरकार के घरेलू एवं प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (डीओआरए) के अंतर्गत कार्यरत राजस्थान फाउंडेशन, बेंगलुरु चैप्टर का नवीन कार्यालय शनिवार, 8 अगस्त 2026 को विधिवत शुभारंभ के साथ समाज को समर्पित किया जाएगा।
यह उद्घाटन समारोह दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त एवं विशेष सचिव (डीओआरए) तथा राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर कार्यालय का उद्घाटन करेंगी।
राजस्थान फाउंडेशन का यह नया कार्यालय सी-8, प्रथम तल, कुद्रेमुख कॉलोनी, सरजापुर–मराठाहल्ली रोड, कोरमंगला द्वितीय ब्लॉक, बेंगलुरु–560034 में स्थापित किया गया है। इस कार्यालय के लिए स्थान उपलब्ध कराने में समाजसेवी एवं प्रसिद्ध व्यापारी *”सती ग्रेनाइट एक्सपोर्ट”* के मालिक संदीप जालान का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके सहयोग से स्थापित यह कार्यालय प्रवासी राजस्थानियों के लिए संवाद, सहयोग, सेवा और समन्वय का स्थायी केंद्र बनेगा।
विशेष बात यह है कि इस कार्यालय में प्रवासी राजस्थानी समाज की सुविधा के लिए ई-मित्र सेवा भी प्रारंभ कर दी गई है। इसके माध्यम से राजस्थान सरकार की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं, प्रमाण-पत्रों, दस्तावेजों तथा अन्य जनहितकारी सुविधाओं का लाभ अब बेंगलुरु में रहने वाले प्रवासी राजस्थानियों को एक ही स्थान पर सहजता से उपलब्ध हो सकेगा।
राजस्थान फाउंडेशन वर्षों से देश और विदेश में बसे राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने का कार्य कर रहा है। बेंगलुरु चैप्टर के नए कार्यालय के प्रारंभ होने से कर्नाटक में रह रहे हजारों प्रवासी राजस्थानियों को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, औद्योगिक और निवेश संबंधी गतिविधियों के लिए एक संगठित मंच उपलब्ध होगा। इससे राजस्थान और कर्नाटक के बीच सहयोग के नए आयाम स्थापित होने की भी उम्मीद है।
समारोह के आयोजकों का कहना है कि कार्यालय का उद्देश्य केवल औपचारिक गतिविधियों का संचालन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ना, युवा शक्ति को दिशा देना, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा सेवा और संस्कार की भावना को सुदृढ़ करना है। भारतीय संस्कृति का मूल संदेश “वसुधैव कुटुम्बकम्” और “सेवा ही सर्वोच्च साधना” इस पहल की प्रेरणा है। यही आध्यात्मिक दृष्टि समाज में आत्मीयता, सहयोग और समरसता का वातावरण निर्मित करती है।
बेंगलुरु चैप्टर के अध्यक्ष सचिन पंडिया, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष मृदुला मालपानी तथा युवा प्रकोष्ठ की अध्यक्ष जैसिका शर्मा ने समाज के सभी गणमान्य नागरिकों, उद्यमियों, युवा साथियों, महिला प्रतिनिधियों एवं प्रवासी राजस्थानियों से उद्घाटन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के सहभागी बनने का आग्रह किया है।
आयोजकों का विश्वास है कि यह कार्यालय भविष्य में प्रवासी राजस्थानियों की समस्याओं के समाधान, सामाजिक समन्वय, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, युवा नेतृत्व के विकास, महिला सहभागिता, निवेश प्रोत्साहन तथा जनसेवा की विभिन्न योजनाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा। साथ ही यह मंच राजस्थान की समृद्ध परंपराओं, लोक संस्कृति और मानवीय मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगा।
राजस्थान फाउंडेशन के बेंगलुरु चैप्टर कार्यालय का उद्घाटन केवल एक भवन का शुभारंभ नहीं, बल्कि प्रवासी समाज की एकता, सेवा, संस्कार और मातृभूमि के प्रति समर्पण के नए अध्याय का शुभारंभ माना जा रहा है। समाज को आशा है कि यह पहल आने वाले समय में अनेक रचनात्मक कार्यों की आधारशिला बनेगी तथा राजस्थान और कर्नाटक के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और भावनात्मक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेगी।