√ दिल्ली के जिनशासन प्रभावना संघ द्वारा समर्पित होगा 22 किलो का दिव्य निर्वाण लाडू। हिन्द सागर प्रलोका नई दिल्ली | संवाददाता: योगेंद्र जैन
बागपत जनपद स्थित प्राचीन जैन तीर्थक्षेत्र श्री 1008 नेमिनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र, सरूरपुर कलां में आगामी 1 और 2 जुलाई 2025 को भगवान नेमिनाथ मोक्षकल्याणक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिनशासन प्रभावना संघ, ज्योति कॉलोनी (दिल्ली) द्वारा प्रभु के 22 किलो वजनी दिव्य निर्वाण लाडू की विशेष भक्ति भाव से अर्पणा की जाएगी।
भगवान नेमिनाथ जैन परंपरा के 22वें तीर्थंकर हैं, जिन्होंने गिरनार पर्वत (गुजरात) पर तप कर केवलज्ञान प्राप्त किया और वहीं मोक्ष को प्राप्त हुए। उनके जीवन में वैराग्य, अहिंसा और आत्मकल्याण की गूढ़ प्रेरणा समाहित है।
महोत्सव में मुनि श्री विव्रत सागर जी एवं मुनि श्री विश्वार्थ सागर जी का पुण्य सान्निध्य सरूरपुर की धर्मभूमि को प्राप्त होगा।
आयोजन की संकल्पना एवं निर्देशन युवा प्रतिष्ठा रत्न बा. ब्र. नमन भैया के नेतृत्व में हो रहा है।
1 जुलाई की सायं 7 बजे दिव्य भक्तामर दीपार्चना तथा प्रसिद्ध कलाकार मयूर जैन सागर द्वारा “राग से वैराग्य की ओर” शीर्षक से प्रेरणादायक संगीतात्मक नाट्य प्रस्तुति होगी, जिसका सीधा प्रसारण जिनधारा यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
संगीत प्रस्तुति का संचालन दिल्ली के ऋऋऋभ जैन सरस एंड पार्टी द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम में दिल्ली, मेरठ, बड़ौत, शामली, नोएडा, जयपुर सहित अनेक नगरों से श्रद्धालु भारी संख्या में भाग लेंगे। यह आयोजन केवल भक्ति का नहीं, अपितु संयम, समर्पण और आध्यात्मिक चेतना का अद्वितीय संगम होगा।


