- भारी बारिश से रेल लाइन हवा में लटकी
- कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों को सुरक्षित निकाला
- भूस्खलन और जलभराव से जनजीवन प्रभावित
शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सोलन जिले के परवाणू स्थित टकसाल और गुम्मन रेलवे स्टेशन के बीच मिट्टी खिसकने से कालका-शिमला रेल लाइन का एक हिस्सा हवा में लटक गया। कोटी समेत अन्य स्थानों पर भी रेल पटरी को नुकसान पहुंचा है।
स्थिति को देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। शिमला-शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस और शिमला-हिम दर्शन एक्सप्रेस को 13 सितंबर तक रद्द रखने का निर्णय लिया गया है। सोलन, कोटी और धर्मपुर में रोके गए करीब 400 यात्रियों तथा रेलवे और आईआरसीटीसी के कर्मचारियों को बसों और टेंपो ट्रैवलर से कालका पहुंचाया गया। यात्रियों को भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया।
बारिश के कारण सड़क और हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। शिमला के खलीणी में भूस्खलन से दो कारें क्षतिग्रस्त हुईं, जबकि टकसाल में नाले का पानी घरों में घुस गया। तेज बहाव के कारण एक मकान गिर गया। कांगड़ा एयरपोर्ट पर भी खराब मौसम के चलते इंडिगो की दो उड़ानें नहीं पहुंच सकीं।


