- ट्रक से टकराई मजदूरों से भरी ईको
- तीन की मौके पर ही हुई मौत
- पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
सोनीपत। खरखौदा क्षेत्र में गोपालपुर गांव के पास कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी ईको गाड़ी की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के करीब 11 मजदूर और ईको चालक बाजरा काटने के लिए झज्जर की ओर जा रहे थे। गोपालपुर के पास एक्सप्रेसवे पर ईको की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक शव वाहन में फंस गया।
मृतकों में रामनरेश पुत्र रामचंद्र की पहचान हुई है, जबकि दो मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। नौ घायलों की पहचान विवेक, छोटू, हरिशंकर, खुशहाली, फातिलाल, महेंद्र पाल, संजीव, प्रमोद और नेवाराम के रूप में हुई है। सभी पीलीभीत के बड़ेपुरा गांव के निवासी बताए गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खरखौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


