- एकमुश्त निवेश में करीब ₹99 हजार ज्यादा
- PPF पर फिलहाल 7.1 प्रतिशत ब्याज
- 5 अप्रैल तक निवेश करना फायदेमंद
पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) सुरक्षित और लोकप्रिय दीर्घकालिक निवेश विकल्पों में शामिल है। वर्तमान में PPF पर 7.1 प्रतिशत सालाना ब्याज मिल रहा है। इसकी मैच्योरिटी अवधि 15 वर्ष है।
यदि कोई निवेशक 15 वर्षों तक हर महीने ₹10,000 PPF में जमा करता है, तो उसका कुल निवेश ₹18 लाख होगा। 7.1 प्रतिशत ब्याज दर के आधार पर मैच्योरिटी पर करीब ₹31.56 लाख मिलेंगे, जिसमें लगभग ₹13.56 लाख ब्याज शामिल होगा।
वहीं, यदि यही ₹1.20 लाख हर वित्त वर्ष की शुरुआत में एकमुश्त जमा किए जाएं, तो 15 वर्षों में कुल निवेश ₹18 लाख रहेगा। इस स्थिति में मैच्योरिटी राशि करीब ₹32.55 लाख हो सकती है, जिसमें लगभग ₹14.55 लाख ब्याज शामिल है।
इस तरह समान कुल निवेश के बावजूद साल की शुरुआत में एकमुश्त रकम जमा करने पर करीब ₹99,000 अधिक मिल सकते हैं। इसका कारण यह है कि PPF में ब्याज की गणना हर महीने की 5 तारीख से पहले उपलब्ध न्यूनतम बैलेंस के आधार पर होती है। इसलिए अधिक ब्याज पाने के लिए सालाना निवेश 5 अप्रैल तक करना बेहतर माना जाता है।


