- 31 मार्च को वायुसेना छोड़ने का दावा
- FLY91 में पायलट बनने की मीडिया रिपोर्ट
- वीर चक्र से सम्मानित हैं अभिनंदन
नई दिल्ली। 2019 में पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने वाले ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान के भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त होकर निजी एयरलाइंस में शामिल होने की खबर सामने आई है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि अभिनंदन ने 31 मार्च को वायुसेना छोड़ दी और बाद में क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से पायलट के रूप में जुड़ गए।
रिपोर्ट के अनुसार, अभिनंदन अगस्त में एयरलाइन के साथ पायलट के तौर पर जुड़े। हालांकि, FLY91 के प्रवक्ता ने कर्मचारियों की निजी जानकारी का हवाला देते हुए इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। इसलिए इस खबर की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अभिनंदन फरवरी 2019 में भारत-पाकिस्तान हवाई संघर्ष के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे। उस समय वह विंग कमांडर थे। पाकिस्तानी सीमा में पकड़े जाने के बाद उन्हें करीब तीन दिन हिरासत में रखा गया था। वर्ष 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया।


