- 2026 के अंत तक CEPA वार्ता पूरी
- BIT पर जल्द बातचीत शुरू करने की तैयारी
- 2030 तक व्यापार 70 अरब डॉलर लक्ष्य
टोरंटो। भारत और कनाडा ने आर्थिक एवं वित्तीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम सहमति बनाई है। दोनों देशों ने 2026 के अंत तक व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) पर बातचीत पूरी करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। साथ ही, द्विपक्षीय निवेश संधि (BIT) पर जल्द बातचीत शुरू करने की दिशा में भी आगे बढ़ने पर सहमति बनी।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कनाडा के वित्त एवं राष्ट्रीय राजस्व मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन ने टोरंटो में प्रारंभिक आर्थिक एवं वित्तीय संवाद में हिस्सा लिया। बैठक में सीमा पार धनप्रेषण, व्यापारिक भुगतान और डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने कनाडा में यूपीआई के इस्तेमाल को बढ़ाने के प्रयासों का स्वागत किया। उनका मानना है कि तेज और कम लागत वाले डिजिटल भुगतान से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और छोटे एवं मध्यम उद्यमों को लाभ मिलेगा।
भारत और कनाडा ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 70 अरब कनाडाई डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। दोनों देशों के बीच अगला आर्थिक एवं वित्तीय संवाद 2027 में आयोजित होगा।


